अब गोमतीनगर स्टेशन से शुरू होगी तेजस और पुष्पक एक्सप्रेस, चारबाग के जाम से यात्रियों को मिलेगी राहत
-
By
Admin
Published - 23 August 2025 478 views
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है. देश की पहली कॉर्पोरेट ट्रेन तेजस एक्सप्रेस और वीआईपी ट्रेन पुष्पक एक्सप्रेस अब जल्द ही गोमतीनगर रेलवे स्टेशन से संचालित होंगी. इस कदम से चारबाग स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ और ट्रैफिक जाम की समस्या से निजात मिलेगी, जिससे यात्रियों को सुगम और आरामदायक यात्रा का अनुभव होगा.
पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल ने इस शिफ्टिंग के लिए समय-सारिणी और ऑपरेशनल तैयारियों पर मंथन शुरू कर दिया है. गोमतीनगर रेलवे स्टेशन को एयरपोर्ट की तर्ज पर विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस किया जा रहा है. स्टेशन के पहले चरण का काम पूरा हो चुका है, और अब दूसरे चरण का विकास कार्य तेजी से चल रहा है. इस स्टेशन पर ट्रेनों की संख्या बढ़ाने के लिए रेलवे प्रशासन लगातार प्रयास कर रहा है.
चारबाग और लखनऊ जंक्शन पर कम होगा दबाव
गोमतीनगर स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से युक्त बनाकर इसे लखनऊ का एक प्रमुख रेलवे हब बनाने की योजना है. चारबाग और लखनऊ जंक्शन स्टेशनों पर ट्रेनों और यात्रियों का भारी दबाव कम करने के लिए रेलवे पहले से ही ट्रेनों की शिफ्टिंग की योजना पर काम कर रहा है. इसके तहत पहले लखनऊ मेल को चारबाग से लखनऊ जंक्शन शिफ्ट किया गया था, हालांकि बाद में इसे फिर चारबाग लौटा दिया गया.
अब तेजस और पुष्पक एक्सप्रेस को गोमतीनगर स्टेशन से चलाने की तैयारी है, जिसके लिए अगले तीन महीनों में प्रक्रिया पूरी होने की संभावना है. चारबाग स्टेशन के आसपास ट्रैफिक जाम की समस्या यात्रियों के लिए हमेशा से परेशानी का सबब रही है. गोमतीनगर स्टेशन से प्रीमियम ट्रेनों के संचालन से यात्रियों को जाम से जूझने की जरूरत नहीं पड़ेगी.
अन्य रेल योजनाओं में भी तेजी
गोमतीनगर स्टेशन की आधुनिक सुविधाएं, जैसे विशाल वेटिंग एरिया, बेहतर पार्किंग, और आसान पहुंच, यात्रियों के लिए यात्रा को और सुखद बनाएंगी. गोमतीनगर स्टेशन को रेलवे का प्रमुख केंद्र बनाने के साथ ही रेलवे प्रशासन अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं पर भी काम कर रहा है. ल ही में अयोध्या से जनकपुरी (नेपाल) तक ट्रेन सेवा शुरू करने की योजना को भी हरी झंडी मिली है.
यह ट्रेन गोरखपुर, दरभंगा, और जयनगर होते हुए जनकपुर धाम तक जाएगी, जिससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा. इसके अलावा, लखनऊ मेट्रो के फेज-1बी को भी केंद्रीय मंत्रिमंडल ने मंजूरी दी है, जो चारबाग से वसंत कुंज तक 11.165 किमी के रूट को जोड़ेगी. गोमतीनगर स्टेशन से प्रीमियम ट्रेनों के संचालन से न केवल यात्रियों को सुविधा होगी, बल्कि लखनऊ के रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर को भी नया आयाम मिलेगा.
सम्बंधित खबरें
-
लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) कुकरैल नदी के किनारे लगभग 24 एकड़ क्षेत्रफल में उर्मिला वन विकसित करेगा.
-
इस प्रोजक्ट पर ओमेक्स कंपनी का ब्रांड बी-टूगेदर काम कर रहा है. बस स्टैंड के निर्माण का काम शुरू किया
LIVE TV